UP CM Yogi Adityanath Weekly Letter yogi ki pati Complete 50 Weeks of Public Outreach- विचार: संकल्प, संवाद और संवेदना की त्रिवेणी है योगी की पाती
प्रमुख बातें (Key Highlights):
- UP CM Yogi Adityanath Weekly Letter yogi ki pati Complete 50 Weeks of Public Outreach- विचार: संकल्प, संवाद और संवेदना की त्रिवेणी है योगी की पाती
कोल, गौड़, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोग, वर्षों से मलिनता और अभाव से जूझता उनका जीवन और पूर्वांचल में इंसेफ्लाइटिस से तड़पते बच्चे। मुख्यमंत्री यदि संवेदनशील हैं तो इन परिस्थितियों को देखकर उनका मन व्यथित होना स्वाभाविक है। उन्हें इस बात का भी अहसास होता है कि शासन का वास्तविक दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब पहली बार वनटांगिया गांव पहुंचते हैं तो स्वयं स्वीकार करते हैं, "इस प्रकार के प्रसंगों से मुझे यह अनुभव हुआ कि विचारों और संवाद के बीच निरंतर संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव होना चाहिए।" पाती की प्रेरणा भी इसी भाव में निहित है। यहां 'निरंतर' शब्द पर ठहरकर विचार करना चाहिए। एक बार का संवाद आयोजन होता है और बार-बार का संवाद आदत। जनता का भरोसा आयोजनों से नहीं, आदतों से बनता है। जिस बात को हर सप्ताह दोहराया जाए, वह धीरे-धीरे संबंध का रूप ले लेती है। पचास सप्ताह की यह अविराम श्रृंखला बताती है कि यह पहल किसी एक आयोजन का परिणाम नहीं, बल्कि एक संकल्प की परिणति है। ‘पाती’ की मूल भावना यह है कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की पच्चीस करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित न रहें। औपचारिक सूचना की भाषा में तथ्य होते हैं, आत्मीयता नहीं। उसे पढ़कर नागरिक जान तो लेता है कि सरकार ने क्या किया, लेकिन यह नहीं जान पाता कि सरकार उसके बारे में क्या सोचती है। पत्र की भाषा इसी रिक्तता को भरती है। उसमें संबोधन होता है, आत्मीयता होती है और एक व्यक्ति का दूसरे व्यक्ति से बात करने का भाव होता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से गत एक वर्ष में लिखे गए पत्र केवल विचारों की अभिव्यक्ति तक सीमित नहीं रहे। वे प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें स्वर देने और उनके अनुरूप एक व्यापक दृष्टि साझा करने का माध्यम भी बने हैं। इसमें एक सीख भी निहित है कि सच्चे अनुभव से उपजा विचार भौगोलिक सीमाओं में कैद नहीं रहता। वनांचल की पीड़ा, किसी बस्ती की पुकार, युवाओं की आकांक्षाएं और बच्चों की सुरक्षा, ये सब किसी एक प्रदेश के विषय नहीं, बल्कि पूरे देश के सरोकार हैं। इसलिए पचास सप्ताह का यह पड़ाव उत्सव से अधिक आत्ममंथन का अवसर है। आगे की साधना यह है कि सुख-दुख की यह संवाद-श्रृंखला और सुदृढ़ हो तथा विचारों की यह साझेदारी विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो सरकार और समाज को एक-दूसरे के और निकट लाए। (अस्वीकरण: यह लेखक के निजी विचार हैं। लेख में दी गई जानकारी और तथ्यों के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। लेखक अजयेंद्र शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार हैं।)